इस क्षेत्र में पांचवे और अंतिम चरण का मतदान 5 नवम्बर को होना है।
और मतगणना की तिथि 8 नवम्बर निर्धारित की गयी है।
पिछले दिनों,रानीगंज के मेरे ही कॉलेज "कलावती स्नातक महाविद्यालय" में कई नेता, सुशील मोदी, स्मृति ईरानी, जीतन राम मांझी इत्यादि आये और गए, परंतु मैं किसी को देख/सुन नहीं सका.. या यूँ कहें कि देखना या सुनना ही नहीं चाहा..
परसो अख़बार से पता चला, और मोबाइल पर सन्देश भी प्राप्त हुआ कि कल 02 नवा नरेंद्र मोदी फारबिसगंज के आईटीआई कॉलेज के मैदान में पधार रहे हैं।
तो मन में जिज्ञासा हुई प्रधानमंत्री को नज़दीक से देखने और सुनने की..
फिर चल तो दिए पीएम की चुनावी सभा में सम्मिलित होने,
पर देर से पहुँचने के कारण भीड़ में ज़्यादा आगे तक नहीं जा पाए।
चूँकि मोदी जी के आने से पहले हम वहां पहुँच चुके थे।
मेरे हिसाब से अभी तक इससे बड़ी (चुनावी) सभा मैंने किसी अन्य नेता की नहीं देखी..
मोदी जी ने भी स्वीकारा कि, 'इतना बड़ा जनसमूह तो पटना के गांधी-मैदान में भी नहीं एकत्रित हुआ था।'
तो दूरी और चिलचिलाती धूप के कारण उनका चेहरा केवल मैं ही ठीक से देख पाया, मोबाइल में स्पष्ट नहीं आ रहा था उनका चेहरा..
और उनका भाषण तो रिकॉर्ड कर लिया,पर वीडियो रिकॉर्डिंग स्पष्ट नहीं हो पाया।
सिर्फ सिर के ऊपर से गुज़रते हेलीकॉप्टर की शेयर करने लायक तस्वीरें ले आया।
कुल 3 हेलीकॉप्टर थे, जिनमें दो भारतीय वायु सेना (IAF) के थे..
मोदी जी के भाषण देने का अंदाज़ तो निराला है ही,
कभी वे अपनी बात को कड़क आवाज़ में कहते हैं, तो कभी फ़िल्मी अंदाज़ में।
मतलब, मोदी जी के अंदर एक कुशल अभिनेता भी छुपा हुआ है.. :-)
उन्होंने मुख्यतः विकास के मुद्दे पर बात की..
कहा- अगर पटना में NDA की सरकार बनती है, तो बिहार केवल हिन्दुस्तान में ही नहीं, विदेश में भी छा जाएगा..
जीतने के बाद हमारा 3 कार्यक्रम है- पढाई, कमाई, दवाई..
गरीब को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले।
बिहार के युवाओं को घर-बार और बूढ़े माता-पिता को छोड़कर रोजी-रोटी के लिए दूसरे राज्यों में पलायन नहीं करना पड़े।
गरीब बीमारों को सरकारी अस्पतालों और दवाखानों में भी उचित चिकित्सा उपलब्ध हो सके..
वो बार-बार ग़रीब शब्द पर ज़ोर देने का कारण स्वयं बतलाते हुए कह रहे थे कि-
अगर किसी अमीर व्यक्ति के बच्चे को पढ़ना हो तो,वो देश क्या, विदेश में भी कहीं भी जाकर पढ़ाई कर सकता है।
परंतु ग़रीब परिवार के बच्चों के लिए तो सरकारी स्कूल ही एकमात्र विकल्प है।
तो हमें सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाना है।
अगर कोई अमीर आदमी बीमार हो जाए तो वो बिना कहीं गए,घर पर ही अपना इलाज करा सकता है। और उसके लिए अमेरिका से भी डॉक्टर दौड़ कर आ सकते हैं।
पर ग़रीब के लिए तो सरकारी अस्पताल ही एकमात्र सहारा हैं।


No comments:
Post a Comment