Popular Posts

Wednesday, 18 May 2016

काव्य-संकलनार्थ रचनाएँ आमंत्रित हैं

एक बार मैंने अपनी कुछ ग़ज़लें और कविताएँ अवलोकनार्थ हिंदी के एक वरिष्ठ (कथित युवा) लेखक को भेजीं, जिनमें एकाध प्रेम पर भी आधारित थीं।
तो उधर से महाशय का जवाब आया कि, "ऐसी हल्की-फुल्की रचनाएँ अपनी प्रेमिका को भेजिए, हमें नहीं।"

जानते हैं, वो युवा लेखक कौन हैं?
सीधा नाम नहीं लूँगा, लेकिन समझने वाले ज़रूर समझ जाएंगे, मुझे ऐसा विश्वास है।
कुछ समय ही बीते हैं "कोठगोई" नाम से पुस्तक आई है उनकी।।
पहचाने?   ;-)

कुछ समय बीते, मेरी ग़ज़लें बड़ी-छोटी, ऑनलाइन-ऑफलाइन पत्रिकाओं  में प्रकाशित होने लगीं। मैं काफी उलझन में रहने लगा। मुझे समझ में नहीं आ रहा था कि मैं अपना नाम प्रकाशित होते देख खुश होऊं कि मेरी हल्की-फुल्की रचनाओं को प्रकाशित कर प्रतिष्ठित पत्रिकाओं के स्वयं ही अपना स्तर गिराने पर चिंता व्यक्त करूँ??

खैर,मैं उनसे यही कहना चाहता हूँ, मुझे तो जैसा आता है, वैसा ही लिखता हूँ, अब किसी को हल्की-फुल्की रचनाएँ प्रकाशित करने में आनंद आता है, तो मुझे ये स्वीकार करना चाहिए कि इसमें मेरी प्रतिभा नहीं, बल्कि ये मेरी खुशनसीबी है। है कि नहीं?
×××××××××××××××××××××××××××××

बेगूसराय (बिहार) के मेरे मित्र राहुल शिवाय भी  ऐसी परिस्थितियों के भुक्तभोगी रह चुके हैं।
वे अभी कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से M.Tech कर रहे हैं।
अभी इनकी 8 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। तथा इन्होंने इसी साल से "दृष्टि" नाम से एक त्रैमासिक साहित्यिक पत्रिका निकालनी शुरू की है।

यूँ तो मेरे जैसे सतही रचनाकर्म करने वालों की कमी नहीं है आजकल। हर तरफ मेरे जैसे अनेकों लिक्खाड़ मिल जाएंगे आपको।

मगर, उन्होंने अपने साहित्यिक कार्य-क्षेत्र में  वरिष्ठों के 'पद-तल-लुंठित' ऐसे अनेक नव-हस्ताक्षरों को देखा है, जिनकी प्रतिभा के फूटते अंकुर को अगर थोड़ा सिंचित कर दिया जाए तो एक विशाल वृक्ष का आकार लेने में सक्षम हो जाएगी।
हाँ! ऐसे भी गुणीजनों की कमी नहीं है, जो पूर्ण-समर्पण, निःस्वार्थ भाव से नई पीढ़ी के साहित्यिक पौध को विकसित करने में लगे हैं, मगर उनकी संख्या उँगलियों पे गिनी जा सकती है।

इसी सन्दर्भ में राहुल जी ने मुझसे वार्ता की। अपनी योजना के बारे में बताया, तथा एक तो उनका मित्र होने के नाते,और दूसरे ..मुझे फेसबुक और इंटरनेट पर अधिकांश समय व्यतीत करते देख उस उद्देश्य को पूर्ण करने का अधिकांश भार मुझ ही पर डाल दिया उन्होंने।
:-)

उन्होंने फ़ोन पर मुझे जैसा बताया, वैसा मैं लिख रहा हूँ।

==============================
राहुल शिवाय जी 10-15 वैसे कवियों,गीत-नवगीतकारों व ग़ज़लकारों का एक साझा काव्य-संकलन प्रकाशित करना चाहते हैं,
जिसमें वही रचनाकार सम्मिलित हो पाएंगे, जो लिख तो बहुत अच्छा रहे हैं लेकिन अभी तक उनकी कोई पुस्तक (एकल संग्रह) प्रकाशित नहीं हुई है।

【नियम व शर्तें】

* इस संकलन में वैसे रचनाकार सम्मिलित हो सकते हैं जिनकी वय (age) 30 वर्ष से अधिक न होती हो।
(विशेष परिस्थितियों में यह नियम लागू नहीं होगा)

* उनकी स्वयं की कोई पुस्तक न प्रकाशित हुई हो। हाँ,अन्य साझा-संकलनों में प्रकाशित रचनाकार सम्मिलित हो सकते हैं।

* 10-15 रचनाकारों की रचनाएँ चयनित की जाएंगी।

* आप छंदमुक्त-छंदबद्ध कविता के अलावा गीत-नवगीत व ग़ज़ल विधा की मौलिक रचनाएँ प्रेषित कर सकते हैं। ध्यान रहे, रचनाएँ किसी अन्य साझा-संकलन में प्रकाशित न हों। पत्रिका में प्रकाशित रचनाएँ स्वीकार्य हैं।

* प्रत्येक रचनाकार को रचना के लिए 5 पृष्ठ व परिचय के लिए 1 पृष्ठ, अर्थात कुल मिलाकर 6 पृष्ठ दिए जाएंगे।

* पुस्तक प्रकाशन के पश्चात प्रत्येक रचनाकार को पुस्तक की 10-10 प्रतियां रजिस्टर्ड डाक द्वारा भेजी जाएंगी। यदि रचनाकार इससे अधिक प्रतियां चाहे तो अतिरिक्त प्रतियां लागत मूल्य पर दी जाएंगी।

* चूंकि यह पुस्तक निजी लाभ के लिए नहीं, अपितु आपसी सहयोग के आधार पर प्रकाशित हो रही है। तो इसके प्रकाशन में जो खर्च आएगा उसे इसमें सम्मिलित रचनाकार और स्वयं संपादक महोदय भी वहन करेंगे।
यहां मैं यह स्पष्ट कर देना आवश्यक समझता हूँ कि इसमें पैसे देकर प्रकाशित होने जैसी कोई हीन-भावना न पालें। राहुल जी के अनुसार एक अच्छे प्रकाशन से पुस्तक की लगभग 200 प्रतियां प्रकाशित करने में 10-15 हज़ार का खर्च आएगा। तो सहयोग राशि एक विवशता है संपादक की। हाँ,अगर उनका स्वयं का प्रकाशन होता तो और बात थी।
जिनकी रचना चयनित होगी, उन्हें सहयोग राशि ( ₹1100 ) भेजने सम्बंधित सूचना दे दी जाएगी।

* अपनी बेहतरीन 10 रचनाओं के साथ संक्षिप्त परिचय व एक फ़ोटो निम्नलिखित ईमेल आईडी पर प्रेषित करें-

jaynitkrmehta@gmail.com

रचना भेजने की अंतिम तिथि- 10 जून 2016

Sunday, 24 April 2016

ग़ज़ल लिखने की मूलभूत जानकारी

मेरे एक मित्र तरुण त्रिपाठी भाई ने ये पोस्ट लगाई अपने वॉल पर-

"हालाँकि मैंने कुछ गज़लें लिखी हैं... और ख़ूबसूरत लिखी हैं...,
पर मैं समझ नहीं पाता हूँ कि असल में ग़ज़ल लिखी कैसे जाती है? मने ग़ज़ल लिखने का असल तरीका क्या होता है? ....क्योंकि उनके सारे शेर तो अलग-अलग विषयों से संबंध रखते हैं ना!
और कहा जाता है कि जब आदमी को कोई भाव आता है, जब वह उससे बंध जाता है, मज़बूर हो जाता है,
तब वो कविता-ओविता या कुछ भी लिखता है।
और ग़ज़ल के तो सारे शेरों के भाव एक दूजे से ज़ुदा होते हैं ना!
किसी को एक ही समय में कई ठे भाव कैसे उद्वेलित कर सकते हैं.. म्हं??
मैं तो अलग-अलग शेर अलग-अलग दिनों में लिखता हूँ...
पर लोग तो एक-एक दिन में एक-एक ग़ज़ल लिख के पोस्ट कर लेते हैं पता नहीं कैसे!!
वैसे बड़े शायर जो हैं, वो भी तो मेरी तरह नहीं ही न लिखते होंगे...
तो क्या यही तरीका है कि बिना किसी भावना के प्रभाव में आये, खाली ये सोचो कि काफ़िया(तुक) क्या है.. और बस उससे मेल खाते अलग-अलग लफ़्ज़ों को ध्यान में रखकर मिसरे(पंक्तियाँ) गढ़ दिए जाएँ...?
(जैसे बचपन में तुक वाली कविताओं में तुक सोच कर पंक्तियाँ बनाते रहते थे?)
....तब इस तरह से तो ग़ज़ल लिखने के लिए किसी आतंरिक दबाव की ज़रूरत ही नहीं है... म्हं? जब भी मन करे, ख़ाली समय हो; बैठ के लिखने लगो..म्हं??
{तो इस तरह से, भीतर से आने वाले दबाव और बेचैनी का स्थान कहाँ है जी??}
कविता तो साधारणतः ही समझा जा सकता है...
कि एक कोई भाव आया, तो बस, उस पर एक कविता लिख डाली। पूरी कविता में तो एक ही भाव ना होता है!!
लेकिन कोई बताओ ना प्लीज! ग़ज़ल किस तरह से लिखी जाती है जी??
मने उनमें एक-एक शेर किस तरह से बढ़ाए या जोड़े जाते हैं... एक ही दिन में हो सकती है पूरी ग़ज़ल? या समय लगता है??"

【और फिर कमेंट बॉक्स में मेरे सहित कुछ अन्य मित्रों को मेंशन कर अपनी राय मांगी।

मैं चाहता तो वहीं रिप्लाई कर देता, मगर मेरे विचार से अगर वो बात यहाँ कही जाएगी तो ज़्यादा-से-ज़्यादा लोग लाभ उठा पाएंगे।
जो ग़ज़ल विधा के जानकार हैं, विशेषज्ञ हैं,वे तो हैं ही। मगर जिनके पास ग़ज़ल सम्बंधित सामान्य जानकारी भी नहीं है, उनकी कुछ तो मदद ज़रूर कर पाउँगा।।】
===============================

तरुण भाई,
आपने बिलकुल सही फरमाया, कि ग़ज़ल का हर शेर स्वतंत्र होता है।
मगर आप ये नहीं समझ पा रहे हैं कि 1 ही ग़ज़ल में अलग-अलग भावों को कैसे पिरोया जाए, जिससे तुक (काफ़िया) भी मिल जाए, और शेर भी वज़नदार बन जाए।
तो भइया, हम भी अभी ग़ज़ल सीख ही रहे हैं और अभी तक के अपने अनुभव में हमने यही जाना है कि ग़ज़ल एक ऐसी विधा है जिसको सीखने में शाइर की पूरी ज़िन्दगी लग जाती है। ग़ज़ल काव्य की ऐसी विधा है जिसको 1 महीने या 1 साल में नहीं सीखा जा सकता।
आपको ये तो मालूम ही होगा कि ग़ज़ल लिखते समय तीन चीज़ों को निभाना पड़ता है,

पहला- बहर,
जो कि हर मिसरे का मात्रिक क्रम होता है। ग़ज़ल की शुरुवात करते समय जो बहर आपने तय कर ली उसे ग़ज़ल के अंतिम शेर तक निभाना पड़ेगा।

दूसरा- काफ़िया,
जिसे हिंदी में समांत भी कहते हैं। ग़ज़ल के मतले (पहला शेर) के दोनों मिसरों में ये आना चाहिए, फिर उसके बाद हर शेर के दूसरे मिसरे में ये आकर तुक मिलाया करेगा।

तीसरा- रदीफ़,
जो कि हिंदी में पदांत है। हालाँकि ग़ज़ल बिना रदीफ़ की भी हो सकती है, मगर रदीफ़युक्त ग़ज़लें ज़्यादा रोचक और रसयुक्त हो जाती हैं।
रदीफ़ की आवृति भी काफ़िये जैसी ही होगी। मतले के दोनों मिसरों में ये आएगा, फिर हर शेर के दूसरे मिसरे में।

चलिए, इतना तो आप जानते हैं (होंगे)।
अब भाव संबंधी बात-

मैं स्वयं का उदाहरण देकर समझाना चाहूँगा।
और उदाहरण में मेरे द्वारा कहे शेर ही आएँगे।

मान लीजिये मेरे मन में एक मिसरा आया-

"मज़ा क्या है सफ़र का हमसफ़र से पूछकर देखो"

अब देखिये, इस मिसरे का बहर होगा-
1222  1222  1222  1222

【इसी बहर पर कुछ फ़िल्मी गीत-ग़ज़ल-

1. मुझे तेरी मुहब्बत का सहारा मिल गया होता..

2.ख़ुदा भी आसमा से जब ज़मीं पर देखता होगा..

3.खिलौना जान कर तुम तो मिरा दिल तोड़े' जाते हो..】

अब इस मिसरे में मैंने काफ़िया बनाया "अर", और रदीफ़ चुना "से पूछकर देखो"..
 इसमें एक और मिसरा जोड़कर मुझे मतला तैयार करना है।

"है मंज़िल दूर कितनी, ये डगर से पूछकर देखो"

दोनों मिसरों को जोड़ दें तो मतला तैयार!!

अब मुख्य चुनौती है, इसी बहर, काफिये, और रदीफ़ के अनुसार आगे के शेर निकालने हैं।
अब थोड़ी माथापच्ची करनी पड़ेगी। भई, शेर ऐसे थोड़ी आते हैं दिमाग में।
आपने अब तक जितनी दुनिया देखी, जितने अनुभव बटोरे है ज़िन्दगी में, उनहीं सब का निचोड़ तो काम आता है लिखते समय।
आप कोई विषय चुनिये फिर उसके ऊपर शेर बनाने की सोचिये।

जैसे अगले शेर के लिए मैंने विषय चुना "घर" को, और ये शेर बनाया-

"सुनाएंगी दरो-दीवार खिड़की रोज ही तुमको,
कहानी अपने पुरखों की तो घर से पूछकर देखो"

देखा आपने?
बहर,काफ़िया और रदीफ़ भी निभ गया, एक अलग भाव भी व्यक्त हुआ इस शेर में..

तीसरे शेर का विषय मैंने सोचा "बूढ़े माँ-बाप" जिसके लिए मैंने "शजर" (वृक्ष) शब्द का प्रयोग किया है-

"बिताई जिस के साए में थी तुमने धूप जीवन की,
कभी तो हाल उस बूढ़े शजर से पूछकर देखो"

और भी कई शेर थे मेरी इस ग़ज़ल में,
पर मैं सीधे अंतिम शेर पर आता हूँ।
चूंकि ग़ज़ल विधा शुरू से ही प्यार-मुहब्बत, वफ़ा-बेवफाई, प्रेयसी के रूप-वर्णन इत्यादि की आदी रही है। तो मैं भी अपनी लगभग सभी ग़ज़लों में इस विषय से संबंधित एकाध शेर तो जोड़ता ही हूँ।

लीजिये-

"वफ़ा के ज़ख्म कितने हैं, बहे कितने मेरे आंसू,
जिगर से पूछकर देखो,नज़र से पूछकर देखो"

सामान्यतः एक ग़ज़ल में कम-से-कम 5 और ऊपरी सीमा 11 तक शेर हो तो बेहतर है। 5 से कम शेर की ग़ज़ल होती नहीं और 11 से ज़्यादा शेर उबाऊँ नहीं हो जाएंगे?

आपने अंत में एक और महत्वपूर्ण सवाल पूछा है। उसका जवाब देने से पहले ये कहना चाहूंगा कि, लिखने की कोई सीमा तय नहीं होती आप एक दिन में एक ग़ज़ल लिखिए या दस। लेकिन ये बात ज़रूर है कि कम समय में जितना ज़्यादा लिखियेगा, शेर में वज़न उतना ही कम होगा। ये मैं व्यक्तिगत अनुभव के आधार पर कह रहा हूँ।
मैं तो स्वयं किसी दिन 1,2,3 ग़ज़लें भी लिख लेता हूँ, मगर उनसे संतुष्ट नहीं हो पाता, अंततः निरंतर परिमार्जन जारी रहता है जब तक आत्मसंतुष्टि न हो जाए।
कभी ऐसा भी होता है कि एक शेर तैयार करने में पूरा दिन लग जाता है।

तो महत्वपूर्ण ये नहीं रह जाता कि आप कितना लिखते हैं, बल्कि ये हो जाता है कि आप कैसा लिखते हैं।।

मैंने आपसे वादा किया था कि मैं जितना जानता हूँ उतना आपको बताने की कोशिश करूंगा, जिसे मैंने पूरा किया है।
आशा है, आप कुछ तो संतुष्ट हुए होंगे!!
अगर अब भी कुछ उलझन हो तो,

~नौ अरब,उन्नीस करोड़,अठानवे लाख,उनहत्तर हज़ार,नौ सौ छियासी~ डायल कर लीजियेगा एक बार..!!
:-)

Tuesday, 8 March 2016

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मन की बात


मनुष्य ईश्वर की सर्वश्रेष्ठ रचना है। उसमें भी नारी को उसने भिन्न आकार, रूप और दायित्व प्रदान कर उनका स्थान पुरुषों से ऊँचा रखा है। ये अलग बात है कि अधिकांश स्त्रियां इस बात से सहमत न हों, पर सत्य जो है सो यही है।

आजकल हर नारी के पास यही आग्रह है कि उन्हें पुरुषों के बराबर दर्जा मिले। यह विडम्बना नहीं तो और क्या है?? सत्य तो यह है कि पुरुष स्त्री की बराबरी कदापि नहीं कर सकता। उसकी महानता के आगे पुरुष के सारे पराक्रम नगण्य हो जाते हैं।

अगर वर्तमान स्थिति की तुलना पौराणिक काल से की जाए, तो हमें काफी बदलाव दिखेंगे। स्त्रियों की स्वतंत्रता के प्रति सामाजिक सोच काफी हद तक बदली है। वे काफी हद तक स्वतन्त्र हो चुकी हैं। अपने निर्णय स्वयं लेने का अधिकार बहुतों को प्राप्त हो चुका है। हालांकि फिर भी अभी एक बड़ा वर्ग ऐसा है, जहां महिलायें पारंपरिक रूढ़िवादी सोच की पराधीनता में जीवन बिताने के लिए लाचार हैं।
आज स्त्रियां पुरुषों के साथ कंधे-से-कंधा मिलाकर प्रगति के हर क्षेत्र में अग्रसर हैं। किस क्षेत्र में वे पुरुषों से कम हैं??

पिछले कुछ दशकों में नारी-शिक्षा के प्रति भी जागरूकता आई है देश में। स्त्री-पुरुष साक्षरता-दर का अंतर भी काफी तेजी से कम हो रहा है।
1951 में भारत में महिलाओं की साक्षरता-दर 8.86% थी और पुरुषों की 27.16%, वहीं 2011 की जनगणना के अनुसार महिलाओं ने इस क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल की। उस समय (2011) तक देश की 65.46% स्त्रियां साक्षर हो चुकी थीं, और तब पुरुषों की साक्षरता-दर 82.14% थी।
पिछले साल संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सर्विसेज 2014 के परिणाम जारी किए, जिसमें शीर्ष चार स्थानों पर युवतियां ही सफल हुईं थीं- इरा सिंघल, रेणु राज, निधि गुप्ता और वंदना राव।

यहाँ तक तो सबकुछ सकारात्मक है।
मगर जैसी ही बात आधी आबादी की सुरक्षा पर आती है, वातावरण में मौन से उपजा सन्नाटा गहराने लगता है।
क्या कारण है कि स्त्रियां सुरक्षित नहीं हैं? किससे खतरा है उसको??
इस कड़वे सच से सभी अवगत हैं, पर वर्तमान में कोई निदान नहीं दिखता।
इसके दो वैकल्पिक निदान मेरे विचार में आ रहे हैं-

पहला, कि हमारी शिक्षा-पद्धति पाश्चात्य रंग में इस तरह रंग चुकी है कि अब उस रंग को छुड़ा पाना कठिन ही नहीं, असंभव है। हमें सिर्फ ये पढ़ाया-सिखाया जाता है किसने अब तक क्या किया है? कौन सा सिद्धांत प्रतिपादित किया है?, परंतु विद्यालय, महाविद्यालय, विश्वविद्यालय में बैठा कोई ये सीख देता है? कि क्या करना चाहिए, और क्या नहीं करना चाहिए। हमें महापुरुषों की जीवनी पढ़ने की सलाह दी जाती है, पर किसी अध्यापक द्वारा ये प्रेरणा नहीं आरोपित की जाती कि उन महापुरुष से भी महान पुरुष बनो। आप किसी कक्षा की इतिहास की पाठ्यपुस्तक उठा लें- "किसने क्या कहा था? कब कहा था? किस सन्दर्भ में कहा था? क्या किया था? कैसे किया था? कब किया था? क्यों किया था?"
क्या शिक्षा का तात्पर्य केवल इतना ही है?? ये प्रणाली केवल छात्रों को रट्टू तोता बना सकती है, पर एक 'इंसान' नहीं। धर्म-शिक्षा नाम की भी कोई चीज़ होती है।

दूसरा, इसके लिए लोगों को अपनी मानसिकता बदलने के लिए तैयार होना पड़ेगा।
आदिकाल से लेकर अब तक हमने प्रगति तो बहुत कर ली, हो सकता है कुछेक वर्षों में हम चाँद पर भी बसने लगें, पर अभी भी काम-वासना में फंसा हुआ है। और वर्त्तमान पीढ़ियों का स्त्रियों के प्रति केवल भोग वाला दृष्टिकोण है।
स्त्री-पुरुष के मध्य उत्पन्न होनेवाला आकर्षण प्राकृतिक होने के कारण स्वाभाविक है। मन में बुरे विचारों का आना भी स्वाभाविक है। क्योंकि, मन का तो कार्य ही प्राणी को व्यर्थ के विषय में उलझाए रखना, और पतन के गर्त में धकेलना है। परंतु विवेक वह सारथी है, जो मन के बेलगाम घोड़े को सही राह दिखाता है। विवेक ही पतनोन्मुखी को उत्थान को ओर मोड़ने वाला दिव्य शक्ति है। बुरे विचार आएंगे, मगर विवेक का प्रयोग कर उनका दमन करना ही 'मनुष्य' का कर्त्तव्य है। यही विवेक एक मानव और पशु के अंतर को दर्शाता है। और यही विवेक जब मर जाता है, तो मनुष्य को पशु बनते देर नहीं लगती, और उसके कृत्य से समस्त मानव-जाति का सिर शर्म से झुक जाता है।

चाहे कुछ भी हो जाए, पर किसी भी स्थिति में विवेक नहीं मरना चाहिए।।
~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~

शुभकामनाओं सहित..
~जय~

Friday, 4 March 2016

फॉग ही तो चल रहा है

ये बात मुझे समझ में नहीं आ रही है कि आजकल टीवी पर एक विज्ञापन में 'क्या चल रहा है' के जवाब में 'फॉग चल रहा है' सुनकर लोग किस सोच में डूब जा रहे हैं?
क्या उन्हें नहीं पता कि वास्तव में सर्वत्र फॉग ही चल रहा है। फॉग यानी हिंदी में कुहरा। और कुहरा भी इस कदर छाया है कि मन-मस्तिष्क को दिग्भ्रमित होते ज़रा भी देर नहीं लगती। इस कुहरे की ख़ासियत ये है कि इसने अनपढ़-ज्ञानी, सभ्य-असभ्य, और रक्षक-भक्षक का भेद ही समाप्त कर दिया है।

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में देशविरोधी नारों के बीच भी सियासी खिचड़ी पकाई जाती है। और बड़ी बेशर्मी से यहाँ तक कहा जाता है कि "देशविरोधी नारे लगाने से किसी को देशद्रोही नहीं माना जा सकता।"
तभी से मैं देशद्रोह की परिभाषा ज्ञात करने में लगा हूँ। इससे और भी घना कुहरा हो सकता है क्या?

हैदराबाद विश्वविद्यालय में शोध छात्र रोहित वेमुला की आत्महत्या के बाद एक नए तरह के 'फॉग' का आविष्कार हुआ है। आलम ये है कि अब कोई हत्या हो या आत्महत्या सबसे पहले मरने वाले की जाति मालूम की जाती है। अगर वो दलित हुआ तो सोने पे सुहागा, अगर नहीं भी हुआ तो उसे दलित साबित करने की पुरज़ोर कोशिश की जाती है, ताकि घड़ियाली आंसू दिखाकर, उनकी सहानुभूति प्राप्त कर उनके वोट-बैंक पर कब्ज़ा जमाया जा सके।

एक तरफ आरक्षण का कुहरा है, जिसने पिछले दिनों अमानवीयता की सारी हदें पार कर दीं। पिछले साल गुजरात में पटेल समुदाय के बाद अब इस साल हरियाणा में जाट आन्दोलन आवश्यकता से अधिक उग्र रहा, जिसमें निजी और सरकारी संपत्ति समेत हज़ारों करोड़ का नुक्सान हुआ। लगभग दो सौ व्यक्ति घायल हुए और 30 से अधिक जानें भी गईं। इसी बीच आरक्षण को ख़त्म करने और न करने पर बहस जारी है। ये कुहरा सबसे अधिक घना है अभी।

दूसरी तरफ सतारूढ़ पार्टी और विपक्षी पार्टी के नेता देशहित को 'वेटिंग-लिस्ट' में डालकर पहले अपने मुँह की खुजली मिटाने में लगे हैं। पब्लिक के पास न 'सेंस' है, न आँख न कान, तभी तो वे अपने तरकश से धड़ाधड़ एक दूसरे पर व्यंग्य बाण छोड़े जा रहे हैं। जनता को बुद्धि कहाँ है? जो ये कहेंगे, वही तो मानेगी जनता।
अचानक से फलाने पार्टी के वरिष्ठ नेताजी का बयान आता है कि चिलानी पार्टी के नेता देश को बांटने में लगे हुए हैं, कभी- देशद्रोहियों का समर्थन कर रहे हैं।
संसद में 12वीं पास मंत्री के अकाट्य तर्कों से आहत पीठ पीछे उनके अतीत के गड़े मुर्दे उखाड़े जाते हैं। उनकी शैक्षणिक योग्यता का हवाला दिया जाता है। मंत्री बनने से पहले तक का तुलनात्मक अध्ययन कर दिल को तसल्ली दी जाती है कि मंत्री होने से पहले वो महज एक मामूली सी मॉडल और छोटी-मोटी रोल करने वाली एक्ट्रेस रही हैं। और तो और, उन्हें मंत्री पद मिलने के पीछे उनके और प्रधानमंत्री मोदी के किन्हीं रहस्यमयी संबंधो का योगदान माना गया।

इधर,
अपने बिहार में जबसे महागठबंधन की सरकार बनी है, लगता है सारे अपराधियों के हाथ बंधनमुक्त हो गए हैं। यह केवल एक संयोग नहीं है कि "महागठबंधन" के बाद आपराधिक गतिविधियों में अविश्वसनीय तेजी आई है।
मगर नितीश कुमार सच्चाई स्वीकारने को तैयार ही नहीं हैं। बल्कि कहते हैं कि- "किस राज्य में अपराध नहीं होते? हम अपराध रोकने का प्रयास कर सकते हैं, दावा कैसे किया जा सकता है? वैसे भी हमारा बिहार अभी क्राइम के मामले में 12वें नंबर पर है देश में।"
अर्थात, माननीय मुख्यमंत्री जी का तात्पर्य ये है कि जब तक बिहार क्राइम में नंबर 1 नहीं हो जाता, तब तक चिंता करने की कोई बात नहीं है।
श्रीमान लालू प्रसाद यादव जी कहते हैं कि अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा को जड़ से उखाड़ फेंकना है।
हे यादव जी! मेरा तो आपसे यही निवेदन होगा कि पहले आप अपना घर बसाने में कामयाब हो जाएँ, फिर किसी का उजाड़ने की सोचियेगा। अभी तो आपने 'छोटा मुँह बड़ी बात' कह दी।
राजनीति में जिस जमीन पर पैर टिका हो, वो जमीन कब खिसक जाए कोई नहीं जानता।
तो आपलोग ज़रा जनता की सेवा पर ध्यान दीजिये, "मेवा" पर नहीं। और कम-से-कम बिहार में फैले इस राजनीतिक, आपराधिक कोहरे के छंटने का उपाय कीजिये।
वर्ना, अगली बार किसी ने हमसे पूछ लिया, "क्या चल रहा है", तो मजबूरन हमें भी कहना पड़ेगा- "फॉग ही तो चल रहा है।"
==============================

~जयनित~

Thursday, 4 February 2016

ख़िज़ाओं का नहीं होता दरख़्तों पर असर कोई


गया है सींचकर जो बाग़-ए-दिल को, इक नज़र कोई
ख़िज़ाओं का नहीं होता दरख़्तों पर असर कोई

दिलों के दरमिया इक़रार कोई हो गया था,पर
न थी उनको ख़बर कोई, नहीं मुझको ख़बर कोई

मुक़द्दर हर किसी पे मेह्रबां होता नहीं यारो
कहीं क़दमों में है मंज़िल, भटकता दर-ब-दर कोई

भरोसा है हमें चारागरी पर हद से भी ज़्यादा
मरीज़-ए-इश्क़ पालेगा न मर्ज़ अब उम्र-भर कोई

सियासत खून पीने की बड़ी शौक़ीन लगती है
छुड़ा पाता ये चस्का खून का ऐ काश गर कोई

तड़पकर-चीखकर इंसानियत, है आज मरणासन्न
कोई देता नहीं क्यों,दे ही दे अब तो ज़हर कोई

ख़लिश-कांटो भरी है, जो डगर जाती ख़ियाबां तक
न राह-ए-क़ामयाबी है अब इससे मुख़्तसर कोई
==============================
~जयनित~

Wednesday, 27 January 2016

तंत्र के गणों का कर्त्तव्य

""गर्व से बोलो,मैं भारतवासी हूँ। प्रत्येक भारतीय मेरा भाई है। भारतवासी मेरे प्राण हैं। भारत के देव-देवियाँ मेरे ईश्वर हैं, भारत का समाज मेरे बचपन का झूला है। मेरी जवानी की फुलवारी, मेरा पवित्र स्वर्ग है और मेरे बुढ़ापे की काशी है।............भारत की मिट्टी मेरा सर्वोच्च स्वर्ग है, भारत के कल्याण में मेरा कल्याण है।""

स्वामी विवेकानंद के इन पंक्तियों में एक सन्देश है, गूढ़ सन्देश। जिसे हम सब आत्मसात नहीं कर पाते हैं।

वर्तमान समय में कोई भारत में व्याप्त असहिष्णुता से आहत है, तो कोई दलितों-निम्नवर्गीयों की उपेक्षा से।
कोई देश के 'मंथर' विकास से चिंतित है, तो कोई मातृभाषा हिंदी को अंग्रेजी के 'पद-तल लुंठित' देखकर शोकाकुल है।

मगर,
ये मनोदशाएं उनकी अपनी व्यथा नहीं है, बल्कि ये पीड़ा पूर्णतः राजनीति से प्रेरित है। पहले सत्ता जनसेवा का माध्यम हुआ करता था, अब 'स्वयं-सेवा' का सुखद आसन है।

यह सर्वविदित है कि हमारे देश की शासन व्यवस्था दशकों पहले राजतंत्रात्मक से जनतंत्रात्मक हो चुकी है।
अर्थात, प्रत्यक्ष रूप से भले ही राष्ट्र किसी एक विशिष्ट व्यक्ति द्वारा चलाया जा रहा हो,
परंतु, शासन की बागडोर हमारे ही हाथों में है।

हमारे पास 'अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता' और 'सूचना का अधिकार' जैसे अमोघ शस्त्र हैं।
हमारे विवेक और सहयोग से यह तंत्र संचालित होता है।

सरकार जो भी, जैसे भी करती है उसपर सजग दृष्टि रखते हुए हमें उसे अपना कार्य स्वेच्छापूर्वक करने देना चाहिए।
पर तंत्र के गण होने के नाते हम अपने कर्त्तव्य का निर्वहन करना न भूलें,बस।
पूरे देश को न सही, अपने गाँव,मोहल्ले, शहर से शुरुवात कीजिये। इसे "स्वच्छ" बनाइये, केवल शारीरिक रूप से नहीं, मानसिक रूप से भी। नई पीढ़ी भौतिकता को प्राथमिकता दे रही है, अध्यात्म पाखंडों के बीच दुबका-सा उपेक्षित होता जा रहा है। स्मरण रहे, सनातन धर्म का आधार अध्यात्म ही है, और अध्यात्म के ही अलग-अलग रूप सभी धर्म-शास्त्रों में वर्णित हैं।

इस 67वें गणतंत्र-दिवस पर,
अपनी संस्कृति को हास्यास्पद कहने की बजाय इस पर गर्व करना सीखना होगा हमें।
हमारे राष्ट्र का इतिहास प्रारम्भ से ही गौरवशाली रहा है, वर्त्तमान में हम यह बीड़ा उठाएं, हम कुछ ऐसा करें जिससे हमारा देश गौरवान्वित हो, विश्वपटल पर प्रतिष्ठित हो,प्रकाशमान हो।
और ये कार्य हम ही कर सकते हैं।
हम, तंत्र के गण।।

!!जय हिन्द!!
..भारत माता की जय..
==========================
© जयनित

Monday, 18 January 2016

कलावती स्नातक महाविद्यालय,रानीगंज का 32वाँ स्थापना दिवस मनाया गया

आज हमारे "कलावती स्नातक महाविद्यालय" का 32वाँ स्थापना दिवस मनाया गया..

1984 में आज ही दिन रानीगंज,अररिया (बिहार) की ही एक निरक्षर महिला ने काफी दौड़-धूप के बाद इस महाविद्यालय की आधारशिला रखी थी..
वो महिला थीं- पद्मश्री कलावती देवी..

समारोह में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं सहित आचार्य, प्राचार्य, सभी विभागों के व्याख्यायाता, महाविद्यालय के मुख्य संरक्षक, फ़ौज से सेवानिवृत कैप्टेन एस० एन० सिंह व कुछ पत्रकार उपस्थित थे..

स्व० कलावती देवी पर वक्तव्य दिए गए, उनके कार्यों और संघर्षों को याद किया गया..
कुछ छात्राओं द्वारा संगीत कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।

तथा,
प्रधानाचार्य श्री जयप्रकाश मलिक ने स्व० कलावती जी के साथ जुड़ी अपनी स्मृतियाँ साझा करते हुए उन्हें दूरदर्शी और अनुकरणीय कहा..
उन्होंने कहा कि निरक्षर होते हुए भी वे शिक्षा का महत्व कितना समझतीं थीं,यह बताने की ज़रुरत नहीं है..
वर्तमान स्त्री-विमर्श और नारी-सशक्तिकरण, वर्षों पूर्व ही उनकी कल्पना में था..

श्री मलिक ने अगले स्थापना-दिवस से पहले महाविद्यालय को तकनीकी रूप से समृद्ध करने की भी बात कही!
अर्थात शिक्षण की आधुनिक पद्धति से महाविद्यालय को जोड़कर, अन्य बड़े नगरों के समकक्ष बनाने का आह्वान किया...!!
============================

-प्रस्तुति-
जयनित कुमार मेहता
बी०ए०, द्वितीय वर्ष(राजनीतिशास्त्र)
कलावती स्नातक महाविद्यालय,रानीगंज
अररिया,बिहार-८५४३३४

मो०-9199869986

Saturday, 16 January 2016

पुस्तक मेले का सच

देख रहा हूँ,
कई लोग दिल्ली में लगे पुस्तक मेले पर खूब तंज़ कस रहे हैं..
अपनी-अपनी वाल पर खुलकर व्यंग्य-बाण छोड़ रहे हैं!

अरे भाई!
एक तो पुस्तकों के प्रति वैसे ही पब्लिक बहुत उदासीन (रहती) है, दूजे..पुस्तक मेला वह स्थान और अवसर होता है,जहां लेखक-पाठक एक-दूसरे से आसानी से रू-ब-रू हो सकते हैं..
कई लेखक एक ही स्थान पर मिल जाते हैं, और मेले के बहाने अगर एकाध पुस्तकों की खरीदारी भी हो जाती है तो बुराई क्या है इसमें?

आप माने या न माने,मगर ये भी एक कड़वा सच है कि,
संसार में हर व्यक्ति अपना स्वार्थ/लाभ पहले देखता है.. प्रकाशक भी एक व्यापारी ही है। वह अपना लाभ पहले देखता है।

[[अगर आप लेखन में नए हैं,
आप कुछ लिखकर प्रकाशक से संपर्क कीजिये.. अगर सामग्री देखकर उसे वो 'बिकाऊ' न लगी, तो वह कई बहाने बना सकता है मगर छापेगा कदापि नहीं।
(हाँ,1-2 बार बिक चुके लेखकों की हलकी-फुल्की असाहित्यिक सामग्री भी स्वीकार्य होती है, क्योंकि उन्हें बिकने की अनुज्ञप्ति(license) जो मिल चुकी होती है) ;-)

हाँ! अगर उसे पांडुलिपि में बिकने लायक कुछ 'मसाला' दिख गया, तब तो आपके बल्ले-बल्ले हैं, वह उसमें बहुत-कुछ 'साहित्यिक' खोज लेगा..
अगर लेखन में अश्लीलता है,तो भी कोई बात नहीं, उसे भी "बोल्ड" कहकर पचा दिया जाएगा..
वही तो आकर्षित करेगा पाठकों को।
तब नए-पुराने का अंतर समाप्त हो जाता है..
उसे तो बिकने से मतलब है, किताब बिकेगी तभी तो उसका घर भरेगा..
अर्थात,प्रकाशक का स्व-हित सर्वोपरि है।।]]

हाँ तो प्रकाशक पुस्तक-प्रकाशन में जो पूँजी निवेश करता है, वो मूलधन और प्रकाशन गृह के कर्मचारियों का श्रम,तथा लाभ प्राप्त करने के लिए वो पुस्तक की बिक्री के लिए तरह-तरह के उपाय करता, और खोजता रहता है..
पुस्तक-मेला भी किताब बेचने का एक विस्तृत माध्यम है।
तो प्रकाशक एक कुशल व्यापारी की तरह अपने निवेश पर अधिक-से-अधिक लाभ कमाना चाहता है,
तो हम कौन होते हैं आपत्ति करने वाले?
और हमें उससे नुकसान क्या है?

अगर इसी बहाने पुस्तक-प्रेम को थोडा-बहुत भी बढ़ावा मिलता है, तो इस प्रयास की सराहना होनी चाहिए, न कि आलोचना..!!