Popular Posts

Wednesday, 18 May 2016

काव्य-संकलनार्थ रचनाएँ आमंत्रित हैं

एक बार मैंने अपनी कुछ ग़ज़लें और कविताएँ अवलोकनार्थ हिंदी के एक वरिष्ठ (कथित युवा) लेखक को भेजीं, जिनमें एकाध प्रेम पर भी आधारित थीं।
तो उधर से महाशय का जवाब आया कि, "ऐसी हल्की-फुल्की रचनाएँ अपनी प्रेमिका को भेजिए, हमें नहीं।"

जानते हैं, वो युवा लेखक कौन हैं?
सीधा नाम नहीं लूँगा, लेकिन समझने वाले ज़रूर समझ जाएंगे, मुझे ऐसा विश्वास है।
कुछ समय ही बीते हैं "कोठगोई" नाम से पुस्तक आई है उनकी।।
पहचाने?   ;-)

कुछ समय बीते, मेरी ग़ज़लें बड़ी-छोटी, ऑनलाइन-ऑफलाइन पत्रिकाओं  में प्रकाशित होने लगीं। मैं काफी उलझन में रहने लगा। मुझे समझ में नहीं आ रहा था कि मैं अपना नाम प्रकाशित होते देख खुश होऊं कि मेरी हल्की-फुल्की रचनाओं को प्रकाशित कर प्रतिष्ठित पत्रिकाओं के स्वयं ही अपना स्तर गिराने पर चिंता व्यक्त करूँ??

खैर,मैं उनसे यही कहना चाहता हूँ, मुझे तो जैसा आता है, वैसा ही लिखता हूँ, अब किसी को हल्की-फुल्की रचनाएँ प्रकाशित करने में आनंद आता है, तो मुझे ये स्वीकार करना चाहिए कि इसमें मेरी प्रतिभा नहीं, बल्कि ये मेरी खुशनसीबी है। है कि नहीं?
×××××××××××××××××××××××××××××

बेगूसराय (बिहार) के मेरे मित्र राहुल शिवाय भी  ऐसी परिस्थितियों के भुक्तभोगी रह चुके हैं।
वे अभी कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से M.Tech कर रहे हैं।
अभी इनकी 8 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। तथा इन्होंने इसी साल से "दृष्टि" नाम से एक त्रैमासिक साहित्यिक पत्रिका निकालनी शुरू की है।

यूँ तो मेरे जैसे सतही रचनाकर्म करने वालों की कमी नहीं है आजकल। हर तरफ मेरे जैसे अनेकों लिक्खाड़ मिल जाएंगे आपको।

मगर, उन्होंने अपने साहित्यिक कार्य-क्षेत्र में  वरिष्ठों के 'पद-तल-लुंठित' ऐसे अनेक नव-हस्ताक्षरों को देखा है, जिनकी प्रतिभा के फूटते अंकुर को अगर थोड़ा सिंचित कर दिया जाए तो एक विशाल वृक्ष का आकार लेने में सक्षम हो जाएगी।
हाँ! ऐसे भी गुणीजनों की कमी नहीं है, जो पूर्ण-समर्पण, निःस्वार्थ भाव से नई पीढ़ी के साहित्यिक पौध को विकसित करने में लगे हैं, मगर उनकी संख्या उँगलियों पे गिनी जा सकती है।

इसी सन्दर्भ में राहुल जी ने मुझसे वार्ता की। अपनी योजना के बारे में बताया, तथा एक तो उनका मित्र होने के नाते,और दूसरे ..मुझे फेसबुक और इंटरनेट पर अधिकांश समय व्यतीत करते देख उस उद्देश्य को पूर्ण करने का अधिकांश भार मुझ ही पर डाल दिया उन्होंने।
:-)

उन्होंने फ़ोन पर मुझे जैसा बताया, वैसा मैं लिख रहा हूँ।

==============================
राहुल शिवाय जी 10-15 वैसे कवियों,गीत-नवगीतकारों व ग़ज़लकारों का एक साझा काव्य-संकलन प्रकाशित करना चाहते हैं,
जिसमें वही रचनाकार सम्मिलित हो पाएंगे, जो लिख तो बहुत अच्छा रहे हैं लेकिन अभी तक उनकी कोई पुस्तक (एकल संग्रह) प्रकाशित नहीं हुई है।

【नियम व शर्तें】

* इस संकलन में वैसे रचनाकार सम्मिलित हो सकते हैं जिनकी वय (age) 30 वर्ष से अधिक न होती हो।
(विशेष परिस्थितियों में यह नियम लागू नहीं होगा)

* उनकी स्वयं की कोई पुस्तक न प्रकाशित हुई हो। हाँ,अन्य साझा-संकलनों में प्रकाशित रचनाकार सम्मिलित हो सकते हैं।

* 10-15 रचनाकारों की रचनाएँ चयनित की जाएंगी।

* आप छंदमुक्त-छंदबद्ध कविता के अलावा गीत-नवगीत व ग़ज़ल विधा की मौलिक रचनाएँ प्रेषित कर सकते हैं। ध्यान रहे, रचनाएँ किसी अन्य साझा-संकलन में प्रकाशित न हों। पत्रिका में प्रकाशित रचनाएँ स्वीकार्य हैं।

* प्रत्येक रचनाकार को रचना के लिए 5 पृष्ठ व परिचय के लिए 1 पृष्ठ, अर्थात कुल मिलाकर 6 पृष्ठ दिए जाएंगे।

* पुस्तक प्रकाशन के पश्चात प्रत्येक रचनाकार को पुस्तक की 10-10 प्रतियां रजिस्टर्ड डाक द्वारा भेजी जाएंगी। यदि रचनाकार इससे अधिक प्रतियां चाहे तो अतिरिक्त प्रतियां लागत मूल्य पर दी जाएंगी।

* चूंकि यह पुस्तक निजी लाभ के लिए नहीं, अपितु आपसी सहयोग के आधार पर प्रकाशित हो रही है। तो इसके प्रकाशन में जो खर्च आएगा उसे इसमें सम्मिलित रचनाकार और स्वयं संपादक महोदय भी वहन करेंगे।
यहां मैं यह स्पष्ट कर देना आवश्यक समझता हूँ कि इसमें पैसे देकर प्रकाशित होने जैसी कोई हीन-भावना न पालें। राहुल जी के अनुसार एक अच्छे प्रकाशन से पुस्तक की लगभग 200 प्रतियां प्रकाशित करने में 10-15 हज़ार का खर्च आएगा। तो सहयोग राशि एक विवशता है संपादक की। हाँ,अगर उनका स्वयं का प्रकाशन होता तो और बात थी।
जिनकी रचना चयनित होगी, उन्हें सहयोग राशि ( ₹1100 ) भेजने सम्बंधित सूचना दे दी जाएगी।

* अपनी बेहतरीन 10 रचनाओं के साथ संक्षिप्त परिचय व एक फ़ोटो निम्नलिखित ईमेल आईडी पर प्रेषित करें-

jaynitkrmehta@gmail.com

रचना भेजने की अंतिम तिथि- 10 जून 2016