Popular Posts

Thursday, 3 December 2015

"एक रिश्ता बेनाम सा":यथार्थ का सटीक चित्रण

 भगवंत अनमोल अब एक जाने-माने लेखक हो चुके हैं, इनकी किताबें हाथों-हाथ धड़ाधड़ बिक रही हैं। सौभाग्य से पिछले कुछ महीनों से ये फेसबुक पर मेरी मित्रमंडली में शामिल हैं।

बहुत दिनों से मैं आपकी चर्चित पुस्तक "एक रिश्ता बेनाम सा" पढ़ने की सोच रहा था, सौभाग्य से पिछले महीने मुझे इसे पढ़ने का सुअवसर प्राप्त हुआ!
सर्वप्रथम,पुस्तक के कवर ने काफी आकर्षित किया.. पुस्तक के आवरण से ही इसमें छिपे सन्देश/कथावस्तु का कुछ-कुछ अनुमान लग जाता है!
कुछ पन्ने पढ़ने पर लगा कि, अरे! यह तो कोई लव-स्टोरी टाइप की नावेल है! पर,जैसे-जैसे आगे बढ़ता गया,पुस्तक में डूबता चला गया!
  हकलाने वाले लोगों के लिए यह पुस्तक एक वरदान की तरह है! पुस्तक में जगह-जगह आपने हकलाने की समस्या को दूर करने के लिए जो टिप्स दिए हैं,वह काबिल-ए-तारीफ़ है!

इस पुस्तक में भारतीय संस्कृति के पतन के गर्त में जाने का बिलकुल सटीक कारण बताया है लेखक ने कि, "वर्तमान भारतीय संस्कृति,पुरातन भारतीय संस्कृति और पाश्चात्य संस्कृति का मिश्रण बन चुकी है"..
जैसा कि, पुस्तक की भूमिका में श्री गिरीश पंकज जी ने कहा है "इस रचना का प्रशस्ति-गान मैं नहीं करूँगा,रचना स्वयं करेगी..पाठक स्वयं करेगा!" इससे उनकी दूरदर्शिता का पता चलता है!
 अगर पुस्तक को आलोचनात्मक दृष्टि से देखा जाए तो, कहीं-कहीं प्रूफ-रीडिंग से संबंधित गलतियां देखने को मिलती हैं! आपने पुस्तक में सबकुछ एकदम बेबाकी से लिखा है,बस 2-3 जगह कुछ ऐसे शब्द/वाक्य पढ़ने को मिलते हैं,जो आवश्यक नहीं थे! पर,इन कुछ त्रुटियों से पुस्तक की गुणवत्ता पर कोई फर्क नहीं पड़ता! साथ ही,इस पुस्तक के माध्यम से आपने एक ऐसे विषय को उठाया है, जिसके बारे में आज का समाज सोच भी नहीं सकता! कि- एक लड़का और एक लड़की एक ही कमरे में कई दिनों तक एक बेनाम,किन्तु पवित्र रिश्ते के साथ रह सकते हैं!
भगवंत जी को युवा-मनोविज्ञान की पर्याप्त जानकारी है,जो इस पुस्तक में यत्र-तत्र दृष्टिगोचर होती है।।
   

तथा, बड़ी-बड़ी कुर्सियों पर विराजमान जनता के सेवकों के अंदर छिपी कामवासना और हवस की भूख को आपने बिलकुल सही तरीके से उजागर किया है!
 साहित्य समाज का दर्पण होता है, और आपकी यह पुस्तक बिलकुल यही काम करती है,समाज को दर्पण दिखाने की! विषय की प्रासंगिकता ने मेरी नज़र में इस पुस्तक को साहित्य के उच्चतम सोपान पर ला खड़ा कर दिया है!

 और, पुस्तक के अंत में आपने जो सवाल उठाए हैं, वे बिलकुल वाज़िब हैं! तथा, हर किसी को स्वयं से उन प्रश्नों के उत्तर ढूँढने का प्रयास करना चाहिये..!!

             चर्चित कृति:- एक रिश्ता बेनाम सा

                      विधा:- उपन्यास

                 लेखक:- भगवंत अनमोल

          प्रकाशक:- साहित्य संचय प्रकाशन (नई दिल्ली)
==================================
जयनित कुमार मेहता

Wednesday, 2 December 2015

कभी है ग़म,कभी थोड़ी ख़ुशी है

कभी है ग़म,कभी थोड़ी ख़ुशी है..
इसी का नाम ही तो ज़िन्दगी है..

हमें सौगात चाहत की मिली है..
ये पलकों पे जो थोड़ी-सी नमी है..

मुखौटे हर तरफ़ दिखते हैं मुझको,
कहीं दिखता नहीं क्यों आदमी है..?

फ़िज़ा में गूँजता हर ओर मातम,
कि फिर ससुराल में बेटी जली है..

सभी मौजूद हों महफ़िल में,फिर भी,
बहुत खलती मुझे तेरी कमी है..

दहल जाए न फिर इंसानियत 'जय',
लड़ाई मज़हबी फिर से छिड़ी है..
=====================
©जयनित कुमार मेहता

Monday, 9 November 2015

बिहार में लालू व नितीश की सरकार और भाजपा की अप्रत्याशित हार

इस प्रकार इंतज़ार की घड़ियाँ ख़त्म हुईं, और... और,नतीजे ने केवल बिहार ही नहीं, वरन पूरे देश को चौंका दिया।

ये बिहार की जनता से बिलकुल अपेक्षित नहीं था।
क्या फिर से लालू का लालटेन-युग और नितीश की अवसरवादिता को झेलना होगा??

सच कहूँ,
तो मैं इस परिणाम से खुश तो नहीं ही हूँ,
साथ ही दुःखी भी नहीं हूँ बिलकुल।
क्योंकि मैं मोदी,भाजपा या किसी भी नेता या पार्टी का 'अंधभक्त' नहीं हूँ।

यह नतीजा एक ओर जहाँ बिहार के लोगों की अपरिपक्व राजनीतिक सोच को दर्शाता है, वहीं प्रधानमंत्री जी के लिए एक कड़वी सीख भी लेकर आया है।
आप छोटे-बड़े हर मामले को राजनीति के कीचड़ में लपेट कर नहीं उछाल सकते। अपने पद की मर्यादा को ध्यान में रखते हुए अपने बड़बोलेपन पर थोड़ा लगाम लगाकर रखना चाहिए आपको। तथा अन्य छोटे नेताओं की तरह बेतुके बयान से बचना चाहिए।
ध्यान रखना चाहिए था कि आप कोई ऐसी-वैसी नहीं, बल्कि प्रधानमन्त्री की कुर्सी पर विराजमान हैं।
आपकी एक छोटी सी गलती बड़ा नुक्सान करवा सकती है।

लोकसभा चुनाव में मोदी जी को सत्ता दिलाने में बिहार की जनता का योगदान कम नहीं था।
तो अब ऐसा क्या हो गया जो अधिकांश जनता ने उन्हें नकार दिया??
इस प्रश्न के उत्तर के लिए उन्हें और उनकी पार्टी को आत्ममंथन की आवश्यकता है। कुछ क्या,बहुत गड़बड़ियां हैं पार्टी के अंदर जिन्हें सुधारने की आवश्यकता है।

मैं आशा करता हूँ, कि अगले चुनाव तक, चाहे वो बिहार में हो या देश के अन्य किसी राज्य में,
भारतीय जनता पार्टी (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) अपना स्वभाव व छवि बेहतर बनाने की कोशिश करेगी।
तभी वह आम-जन के दिल में अपनी जगह बना सकेगी।

मैं श्री नितीश कुमार को जीत की बधाई देता हूँ,
और नई सरकार का, पूर्वाग्रहों से मुक्त होकर स्वागत करता हूँ।
एवं आशा करता हूँ, कि महागठबंधन की सरकार हमारी धारणाओं को ध्वस्त कर,बिहार को विश्वपटल पर प्रकाशित करे।

Tuesday, 3 November 2015

आईटीआई मैदान, फारबिसगंज (बिहार) में नमो की चुनावी सभा


मेरा गाँव लालमोहन नगर, रानीगंज विधानसभा क्षेत्र-47 के अंतर्गत आता है..
इस क्षेत्र में पांचवे और अंतिम चरण का मतदान 5 नवम्बर को होना है।
और मतगणना की तिथि 8 नवम्बर निर्धारित की गयी है।

पिछले दिनों,रानीगंज के मेरे ही कॉलेज "कलावती स्नातक महाविद्यालय" में कई नेता, सुशील मोदी, स्मृति ईरानी, जीतन राम मांझी इत्यादि आये और गए, परंतु मैं किसी को देख/सुन नहीं सका.. या यूँ कहें कि देखना या सुनना ही नहीं चाहा..

परसो अख़बार से पता चला, और मोबाइल पर सन्देश भी प्राप्त हुआ कि कल 02 नवा नरेंद्र मोदी फारबिसगंज के आईटीआई कॉलेज के मैदान में पधार रहे हैं।
तो मन में जिज्ञासा हुई प्रधानमंत्री को नज़दीक से देखने और सुनने की..
फिर चल तो दिए पीएम की चुनावी सभा में सम्मिलित होने,
पर देर से पहुँचने के कारण भीड़ में ज़्यादा आगे तक नहीं जा पाए।
चूँकि मोदी जी के आने से पहले हम वहां पहुँच चुके थे।
एक तो धूप काफी तेज़ उगी थी, तिस पर लाखों का जनसैलाब..

मेरे हिसाब से अभी तक इससे बड़ी (चुनावी) सभा मैंने किसी अन्य नेता की नहीं देखी..
मोदी जी ने भी स्वीकारा कि, 'इतना बड़ा जनसमूह तो पटना के गांधी-मैदान में भी नहीं एकत्रित हुआ था।'
तो दूरी और चिलचिलाती धूप के कारण उनका चेहरा केवल मैं ही ठीक से देख पाया, मोबाइल में स्पष्ट नहीं आ रहा था उनका चेहरा..
और उनका भाषण तो रिकॉर्ड कर लिया,पर वीडियो रिकॉर्डिंग स्पष्ट नहीं हो पाया।
सिर्फ सिर के ऊपर से गुज़रते हेलीकॉप्टर की शेयर करने लायक तस्वीरें ले आया।
कुल 3 हेलीकॉप्टर थे, जिनमें दो भारतीय वायु सेना (IAF) के थे..

मोदी जी के भाषण देने का अंदाज़ तो निराला है ही,
कभी वे अपनी बात को कड़क आवाज़ में कहते हैं, तो कभी फ़िल्मी अंदाज़ में।
मतलब, मोदी जी के अंदर एक कुशल अभिनेता भी छुपा हुआ है.. :-)

उन्होंने मुख्यतः विकास के मुद्दे पर बात की..
कहा- अगर पटना में NDA की सरकार बनती है, तो बिहार केवल हिन्दुस्तान में ही नहीं, विदेश में भी छा जाएगा..
जीतने के बाद हमारा 3 कार्यक्रम है- पढाई, कमाई, दवाई..
गरीब को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले।
बिहार के युवाओं को घर-बार और बूढ़े माता-पिता को छोड़कर रोजी-रोटी के लिए दूसरे राज्यों में पलायन नहीं करना पड़े।
गरीब बीमारों को सरकारी अस्पतालों और दवाखानों में भी उचित चिकित्सा उपलब्ध हो सके..

वो बार-बार ग़रीब शब्द पर ज़ोर देने का कारण स्वयं बतलाते हुए कह रहे थे कि-
अगर किसी अमीर व्यक्ति के बच्चे को पढ़ना हो तो,वो देश क्या, विदेश में भी कहीं भी जाकर पढ़ाई कर सकता है।
परंतु ग़रीब परिवार के बच्चों के लिए तो सरकारी स्कूल ही एकमात्र विकल्प है।
तो हमें सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाना है।

अगर कोई अमीर आदमी बीमार हो जाए तो वो बिना कहीं गए,घर पर ही अपना इलाज करा सकता है। और उसके लिए अमेरिका से भी डॉक्टर दौड़ कर आ सकते हैं।
पर ग़रीब के लिए तो सरकारी अस्पताल ही एकमात्र सहारा हैं।